Jammu Kashmir Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में कुछ आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया. सूत्रों के मुताबिक 2 से 3 हमलावर पुलिस की वर्दी में थे. आतंकियों ने टूरिस्ट को निशाना बनाते हुए उसपर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हैं. पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सीआरपीएफ की अतिरिक्त क्विक रिएक्शन टीम को घटनास्थल पर तैनात किया गया है. 


पहलगाम हमले में पाकिस्तान का हाथ


सूत्रों के मुताबिक इस हमले में पाकिस्तान का हाथ है. इस आतंकी घटना में TRF (The Resistent Front) तंजीम के हाथ होने की आशंका है. पुलिस के अनुसार पहलगाम की बैसरन घाटी में गोलियों की आवाजें सुनी गई. हमलावरों ने बैसरन घास के मैदान में घुड़सवारी का आनंद ले रहे पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी.


महबूबा मुफ्ती ने की हमले की निंदा


जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मैं पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करती हूं, जिसमें पर्यटकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. ऐसी हिंसा अस्वीकार्य है और इसकी निंदा की जानी चाहिए."






पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर जम्मू कश्मीर के नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा, "पाकिस्तान नहीं चाहता है कि कश्मीर में पर्यटन बढ़े. यह हमला सिर्फ पर्यकों और स्थानीय लोगों पर नहीं, बल्कि जम्मू कश्मीर की अर्थव्यवस्था पर भी है. यह हमला स्थानीय लोगों और उनकी आजीविका पर हमला है.ऐसा हो सकता है कि पाकिस्तान इस साल अमरनाथ यात्रा को बाधित करना चाहता हो."


हेलीकॉप्टर से घायलों को निकाला जा रहा


घायलों को निकालने के लिए एक हेलीकॉप्टर को लगाया गया है.कुछ घायलों को स्थानीय लोग अपने खच्चरों पर लादकर नीचे लाए. 12 घायल पर्यटकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी की हालत स्थिर है. यह घटना ऐसे समय हुई है जब वर्षों तक आतंकवाद से जूझने के बाद कश्मीर में पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है.





ये भी पढ़ें : जम्मू कश्मीर में पर्यटकों पर हमला, आतंकियों ने कई लोगों को मारी गोली, सुरक्षाबलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन